गरोठ। दीपावली पर्व के अवसर पर लक्ष्मी पूजन के दिन बोलिया नगर के बाजारों में दिनभर रौनक बनी रही। सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ने लगी। लोगों ने त्योहार की तैयारियों को लेकर जमकर खरीदारी की।
इस दौरान सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान, दोपहिया और चारपहिया वाहन तथा वाहनों के सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों की विशेष भीड़ देखने को मिली। वहीं, बच्चों के नए कपड़ों की दुकानों पर भी खरीदारी के लिए लोगों का तांता लगा रहा।
दीपावली के उत्साह से पूरा नगर गुलजार नजर आया। बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही और अच्छी खरीदारी होने से व्यापारियों के चेहरों पर भी खुशी दिखाई दी। त्योहार को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।