रतलाम। जिला पंचायत सहकारिता एवं उद्योग समिति की बैठक शुक्रवार को समिति सभापति महेन्द्रसिंह रिंगनोद की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर समिति सदस्य डीपी धाकड, वीसी शरद कुमार डोडियार, वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक उपस्थित थे। उपायुक्त सहकारिता समिति के सचिव सुनील कुमार सिंह द्वारा सदस्यों को विभाग की गतिविधियों, आनलाईन पंजीयन की जानकारी से अवगत कराया गया। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के प्रबंधक आलोक जैन द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड तथा सहकारी समितियों द्वारा वितरित खाद की जानकारी दी गई, यूरिया व अन्य खाद की पर्याप्त उपलब्धता से अवगत कराया गया। जिला विपणन अधिकारी योगेश मालवीय द्वारा डबल लाक केन्द्र में खाद उपलब्धता की जानकारी दी गई। खाद्य विभाग के सहायक आपूर्ति अधिकारी द्वारा विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई। समिति सदस्य बी.सी. शरद कुमार डोडियार द्वारा बाजना क्षेत्र में राशन की दुनों पर हो रही अनियमितता तथा धाकड द्वारा पिपलौदा क्षेत्र की दुकानों की अनियमितता के सम्बन्ध में सहायक खाद्य अधिकारी को अवगत कराया गया।