नीमच। मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में अध्ययन एवं परीक्षण के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति द्वारा जनपरामर्श बैठक का आयोजन 6 जून 2026 को किया जाएगा। यह बैठक प्रातः 11.30 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष, नीमच में आयोजित होगी।
अपर कलेक्टर (एडीएम) बीएस कलेश ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में समिति के सदस्य एवं शिक्षाविद् प्रो. गोपाल शर्मा की अध्यक्षता में विभिन्न वर्गों से सुझाव प्राप्त किए जाएंगे। बैठक में सांसद, विधायक, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, बार काउंसिल के सदस्य, महिला एवं बाल अधिकार संरक्षण से जुड़े गणमान्य नागरिक, शांति समिति के सदस्य, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा सभी समुदायों के प्रमुख व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है।
बैठक का उद्देश्य समान नागरिक संहिता के संबंध में आमजन एवं विभिन्न संगठनों के विचार, सुझाव एवं सुझावों को संकलित करना है। प्राप्त सुझावों को शासन को भेजा जाएगा, ताकि नीति निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके।
एडीएम कलेश ने सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से बैठक में उपस्थित होकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव देने की अपील की है।