नीमच। शहर के वार्ड क्रमांक-11 के रहवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्र में वर्षों से लंबित विकास कार्यों को गति देने के लिए वार्ड पार्षद भारत सिंह अहीर ने प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर लगभग 10 करोड़ रुपये की अनुदान राशि शीघ्र स्वीकृत कराने की मांग की है।
पार्षद अहीर ने ज्ञापन में बताया कि वार्ड क्रमांक- 11 के अंतर्गत आने वाले 36ए एवं 36बी क्षेत्र में विद्युतीकरण, सड़क, नाली एवं बगीचा निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा लगभग तीन वर्ष पूर्व विस्तृत प्राक्कलन तैयार कर राज्य शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। प्रस्ताव के तहत करीब 10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने का अनुरोध किया गया था, लेकिन अब तक उक्त राशि स्वीकृत नहीं हो सकी है।
उन्होंने बताया कि राशि प्राप्त नहीं होने के कारण क्षेत्र के विकास कार्य पूरी तरह रुके हुए हैं। सड़क, नाली एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के अभाव में क्षेत्रवासियों को निरंतर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद भारत सिंह अहीर ने मंत्री राकेश शुक्ला से जनहित को ध्यान में रखते हुए लंबित अनुदान राशि शीघ्र स्वीकृत कराने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्र में रुके हुए विकास कार्य प्रारंभ हो सकें और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि समय पर राशि स्वीकृत होने से वार्ड क्रमांक-11 के 36ए एवं 36बी क्षेत्र की तस्वीर बदल सकती है तथा वर्षों से लंबित विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।