नीमच। अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखने के उद्देश्य से एसडीएम पराग जैन एवं तहसीलदार संजय मालवीय ने गुरुवार को शहर स्थित ज्ञानोदय हॉस्पिटल का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान फायर सेफ्टी उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों तथा मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम जैन ने अस्पताल में स्थापित फायर एक्सटिंग्विशर, फायर हाइड्रेंट, स्मोक डिटेक्टर, फायर अलार्म सिस्टम एवं आपातकालीन निकास द्वारों की उपलब्धता और कार्यक्षमता की जांच की। उन्होंने अस्पताल स्टाफ से अग्निशमन उपकरणों के संचालन एवं आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया की जानकारी भी ली।
अधिकारियों ने अस्पताल में उपलब्ध बेड, ऑक्सीजन सुविधा, आईसीयू, जनरेटर बैकअप तथा स्वच्छता व्यवस्था का भी अवलोकन किया। एसडीएम ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि सभी फायर सेफ्टी उपकरण हमेशा क्रियाशील स्थिति में रखे जाएं तथा कर्मचारियों को नियमित रूप से मॉक ड्रिल के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाए।
उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील संस्थानों में फायर सेफ्टी मानकों का शत-प्रतिशत पालन अनिवार्य है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही फायर एनओसी के समय पर नवीनीकरण एवं सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन एवं संबंधित स्टाफ मौजूद रहा।