देवास। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं त्वरित सहायता को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में उज्जैन रेंज के डीआईजी नवनीत भसिन देवास के चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर पहुंचे, जहां उन्होंने आमजन से सीधा संवाद कर सड़क सुरक्षा और दुर्घटना के समय उठाए जाने वाले जरूरी कदमों की जानकारी दी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद, एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया, सीएसपी सुमित अग्रवाल सहित थाना प्रभारी और डॉक्टरों की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
डीआईजी भसिन एवं डॉक्टरों की टीम ने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि दुर्घटना होने पर घायल व्यक्ति को किस तरह सुरक्षित तरीके से प्राथमिक उपचार दिया जाए, समय रहते 108 एम्बुलेंस को सूचना देकर अस्पताल पहुंचाना कितना जरूरी है, साथ ही मौके पर सीपीआर देने की विधि भी समझाई गई।
इसके साथ ही शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं जैसे राहगीर (राहवीर) योजना, प्रधानमंत्री राहत योजना सहित अन्य सहायता योजनाओं की जानकारी भी आमजन को दी गई, ताकि दुर्घटना की स्थिति में अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।
कार्यक्रम के दौरान आमजन में जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया और लोगों से अपील की गई कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं।