चित्तौड़गढ़। जिले में ब्याज माफियाओं एवं अवैध रूप से ऋण वसूली करने वालों के विरुद्ध पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध लाइसेंस के अत्यधिक ब्याज पर धन उधार देना तथा उधारकर्ताओं को डराकर, धमकाकर या मानसिक प्रताड़ना देकर जबरन वसूली करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिलेभर में ब्याज माफियाओं और अवैध वसूली करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति ऋण के नाम पर अनुचित ब्याज वसूल रहा है, धमकी दे रहा है, संपत्ति हड़पने का प्रयास कर रहा है या किसी प्रकार का दबाव बना रहा है, तो पीड़ित व्यक्ति अथवा उसके परिजन तुरंत पुलिस को सूचना दें।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे भयमुक्त होकर अपनी शिकायत संबंधित थाना, पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 7300453344 अथवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज कराएं। शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि कानून को हाथ में लेने वाले, अवैध रूप से ब्याज का कारोबार करने वाले और लोगों का आर्थिक व मानसिक शोषण करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन के हितों की रक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।