ग्वालियर। जिले में भी शासकीय विभागों से आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं और उनकी समस्याओं के शत-प्रतिशत निराकरण के लिए 10 से 25 मई तक मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान के दूसरे चरण का आयोजन होगा। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने जिले इस अभियान को प्रभावी ढंग से अंजाम देने के लिए शनिवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। साथ ही अभियान के दौरान आम जन को मुहैया कराई जाने वाली सेवाओं के लिये विभागवार लक्ष्य भी निर्धारित किया। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार व अपर कलेक्टर एच बी शर्मा भी मौजूद थे।
कलेक्टर सिंह ने सीएम हैल्पलाइन में 15 अप्रैल 2000 तक दर्ज शिकायतों का अभियान के दौरान निराकरण करने के निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिए है। उन्होंने कहा सीएम हैल्पलाइन व जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों व आवेदनों की सूची भी सभी विभागों के अधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई है। कार्यालय प्रमुख अपने अधीनस्थ शासकीय सेवकों के सहयोग से हर शिकायत का आवेदक की संतुष्टिक के साथ निराकरण कराएँ। यदि किसी शिकायत का निराकरण तकनीकी कारणों से संभव नहीं हो पा रहा है उनका स्पष्ट कारण बताना होगा।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि जन सेवा अभियान के द्वितीय चरण के दौरान 15 विभागों से संबंधित 67 प्रकार की सेवाओं का लाभ आम जन को दिया जाना है। उन्होंने विभागवार दी जाने वाली सेवाओं की विस्तृत जानकारी बैठक में दी। साथ ही कहा कि इस अभियान को क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से अंजाम दें, जिससे सरकार की मंशा के अनुरूप शतप्रतिशत पात्र लोगों को लाभान्वित कराया जा सके।
बैठक में तय किया गया कि ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत स्तर और शहरी क्षेत्र में वार्ड स्तर पर जनसेवा अभियान के द्वितीय चरण के तहत शिविर लगाए जायेंगे। शिविरों के लिये अलग-अलग दल गठित होंगे और एक दिन में एक साथ औसतन 10 ग्राम पंचायत और ग्वालियर नगर निगम क्षेत्र में हर दिन लगभग 10 वार्डों में एक साथ शिविर लगेंगे।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार ने बैठक में जानकारी दी कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान को अंजाम देने के लिये बनाई गई जिले की कार्ययोजना के तहत ग्वालियर जिले में एक से 5 मई तक सभी कार्यालयों में लंबित आवेदनों को इकजाई कर उनके निराकरण की रूपरेखा तय करनी है। जिले में 5 से 12 मई तक ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में शिविर लगाकर भी आवेदन प्राप्त किए जायेंगे। अभियान के तहत 13 से 20 मई तक आवेदनों का निराकरण किया जायेगा। इसी कड़ी में 21 से 25 मई तक पुन: शिविर लगाकर हितलाभ वितरित किए जायेंगे।
बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जिले के सभी एसडीएम एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।