देवास। इंस्टाग्राम के माध्यम से नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाकर लाखों रुपये और आभूषण ठगने वाले मुख्य आरोपी आशीष उर्फ जैकब डामोर को देवास पुलिस ने उसकी सहयोगी महिला के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शादी का झांसा देकर और रुपये दोगुना करने का लालच देकर करीब 8 से 10 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए थे।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया व नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रभारी शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्य व मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने ठगी की रकम का कुछ हिस्सा अपनी बहन को दिया था, जिसे भी सह-आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
देवास पुलिस ने परिजनों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क बनाने से बचें।