मंदसौर। अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय समीक्षा एवं निगरानी समिति की बैठक कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत संचालित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान नगर परिषद सुवासरा में प्रस्तावित ग्रीन स्पेस डेवलपमेंट कार्यों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने परियोजना की वर्तमान स्थिति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही शहरी क्षेत्रों में हरित क्षेत्र के विकास एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विचार-विमर्श किया गया।
इसके अतिरिक्त नगर परिषद नगरी में मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी (एमपीयूडीसी) द्वारा क्रियान्वित पेयजल सप्लाई परियोजना की भी समीक्षा की गई। बैठक में परियोजना की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता तथा समय-सीमा में पूर्णता सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।