भानपुरा। 1.35 लाख रुपए की डकैती मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। टीआई अवनीश श्रीवास्तव ने बताया 19 मई को प्रद्युम्न उर्फ गणेश पिता कैलाश प्रजापति निवासी लोटखेड़ी ने साथी देवेश मालवीय व सुनील विश्वकर्मा के साथ आकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उन्हाेंने बताया वे रात 12.15 बजे झालावाड़ अस्पताल जा रहे थे। रास्ते में लेदी चौराहा व ओसारा के बीच 2 बाइक पर सवार 5 आरोपियों ने छुर्रा व लट्ठ दिखाकर 3 मोबाइल, एक चांदी का ब्रेसलेट, चांदी की चेन, नकदी 350 रुपए सभी मिलाकर 1 लाख 37 हजार 350 रुपए का सामान छीना और भाग गए।
भानपुरा पुलिस ने केस दर्ज कर अलग पाइंट पर टीमें भेजी। आरोपियों को ओसारा में बांछड़ा डेरा रेलवे फाटक के पास से पकड़ा। आरोपियों के नाम रामगंजमंडी आईपीसी कॉलोनी निवासी गगन पिता बजरंगलाल राठौर, सागर पिता सुरेंद्र तंवर, शाहिद पिता शब्बीर हुसैन, नीतेश पिता नंदकिशोर राठौर व सतीश पिता देवसिंह हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी सागर व शाहिद रामगंजमंडी थाने के हिस्ट्रीशीटर आशु पिता मकसूद पाया निवासी रामगजमंडी गैंग का सदस्य हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से अन्य मामलों को लेकर पूछताछ की जा रही है।