धार। प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में औद्योगिक नीति निवेश एवं प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, सांसद छतरसिंह दरबार, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा, धार विधायक नीना वर्मा, सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल, मनावर विधायक हीरालाल अलावा, धरमपुरी विधायक पांचीलाल मेड़ा, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, पुलिस अधीक्षक मनोज सिंह, मनोज सोमानी, एडीएम केएल मीणा, जिला पंचायत सीईओ श्रृंगार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। मंत्री डॉ चौधरी ने आगामी 27 जून को आयोजित होने वाले पीवीसी आयुष्मान कार्ड के वितरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम को सुनियोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए की सभी कार्ड ई केवाईसी के पश्चात ही वितरित करें और जिले में ऐसी व्यवस्था रहे की शेष कार्डाे का वितरण आगामी दिनों में पूर्ण रूप से वितरित हो जाए। साथ में यह भी सुनिश्चित करें की उक्त कार्ड समस्त जनपद पंचायत और नगरीय निकायों के माध्यम से वितरित करें। उन्हें बताया गया की जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर और ग्रामपंचायत मुख्यालय में आयोजित समारोह में आयुष्मान कार्ड बाँटे जाएँगे। धार ज़िले में लगभग ढाई लाख कार्ड वितरित किए जाएँगे। जिले की 27 लाख की जनसंख्या में से 15 लाख लोग आयुष्मान कार्ड के लिए पात्र पाए गए हैं। इनमें से 11 लाख लोगों के कार्ड बन चुके हैं। अभी तक 13 हजार से अधिक लोगों को 5 करोड़ रूपए का इलाज किया गया हैं। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड के जरिए 9 करोड़ रूपए प्राइवेट अस्पताल में इलाज के लिए भुगतान किया गया है।इसके अलावा विवाह के जोड़ों की सिकल सेल की स्क्रीनिंग की जाएगी। लाड़ली बहना की समीक्षा करते हुए मंत्री डॉ चौधरी ने सबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए की आगामी दिनों में 21 वर्ष की महिलाओ के भी फॉर्म भरे जायेंगे। आप सभी इसकी व्यवस्था अभी से कर लेवें। ताकि कार्य समय सीमा में पूर्ण हो सके। उन्हे बताया गया की लाड़ली बहना योजना के अन्तर्गत जिले में 3 लाख 7 हजार महिलाओ को लाभान्वित करने का लक्ष्य दिया गया था। जिसके विरुद्ध अभी तक 3 लाख 82 हजार 420 महिलाएं लाभान्वित हो चुकी है। इसके साथ ही 3 लाख 72 हजार 470 पात्र महिलाओं को शासन की ओर से 35 करोड़ 70 लाख 5 हजार 600 रुपयों का भुगतान भी हो चुका हैं। मंत्री डॉ चौधरी ने मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना की भी समीक्षा की। उन्हे बताया गया की योजनांतर्गत 21 हजार 240 पात्र किसानों को शासन से प्राप्त अंशपूंजी अनुसार 3289.5 लाख रुपए का भुगतान किया गया हैं। इसके अलावा इस योजना से लाभान्वित किसानों की सोसाइटी वॉर सूची जनप्रतिनिधियों को प्रदान की जाएगी। ज़िले में खाद के भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। चार स्थानों में नए नगद वितरण केंद्र खोले गये हैं। जो बाग गंधवानी और डही में हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना नए स्वरूप में लागू की गई है। जिसका पंजीयन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से किया जाना है। विभाग द्वारा सॉफ्टवेयर तैयार किया जा चुका है एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को उनके मोबाईल में अपलोड कराया जा चुका है। योजना अन्तर्गत प्रथम प्रसव में 2103 महिलाओं को लाभान्वित किया गया है एवं द्वितीय प्रसव में 1105 महिलाओं को लाभान्वित किया जा चुका है। सभी पात्र महिलाओं का चिन्हांकन कर लाभान्वित किया जा रहा है।