जावद/नीमच। जिले की जावद तहसील के ग्राम कानका में महज तीन फीट जमीन के विवाद ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बुधवार सुबह खेत पर बुलाकर एक अधेड़ व्यक्ति की कथित रूप से कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान पूरणमल पिता बद्रीलाल तेली के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार जमीन विवाद को लेकर पिछले करीब 15 दिनों से दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था। आरोप है कि बुधवार सुबह पूरणमल को योजनाबद्ध तरीके से खेत पर बुलाया गया, जहां उनके सगे भाई रामनिवास सहित 8 से 10 लोग पहले से मौजूद थे।
परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने पहले पूरणमल की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका और इसके बाद कुल्हाड़ी एवं लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व सामाजिक स्तर पर दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था, लेकिन इसके बावजूद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में मृतक की पत्नी संपत बाई एवं पुत्र जीवन भी घायल हुए हैं। संपत बाई का उपचार जिला चिकित्सालय नीमच में चल रहा है, जबकि जीवन का इलाज एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार संपतबाई को आवश्यकता पड़ने पर उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जा सकता है।
मृतक की पुत्री वंदना ने रामनिवास एवं अन्य आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि पूर्व में भी पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से यह घटना घटित हुई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।