नीमच। नीमच के उपनगर बघाना थाना क्षेत्र में धनेरिया कला रोड स्थित कलाली के समीप मंगलवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में उदयपुर निवासी 20 वर्षीय युवक रोहित शाह की दर्दनाक मौत हो गई। माता रानी के दर्शन कर लौट रहे परिवार की खुशियां एक पल में मातम में बदल गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहित शाह अपने माता-पिता पार्वती देवी एवं अशोक शाह के साथ ट्रेन से नीमच पहुंचे थे। इसके बाद तीनों ऑटो रिक्शा से खेड़ा केसुन्दा स्थित माता रानी के दर्शन करने गए थे। दर्शन कर लौटते समय धनेरिया कला रोड पर कलाली के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में रोहित शाह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से उसे जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही बघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय के शवगृह में रखवाया। बुधवार को पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।