कुकड़ेश्वर। ईमानदारी और नैतिक मूल्यों का प्रेरणादायक उदाहरण कुकड़ेश्वर स्थित स्टेट बैंक शाखा में देखने को मिला। एक ग्राहक ने बैंक से प्राप्त राशि में अतिरिक्त मिले एक लाख रुपये बिना किसी हिचकिचाहट के वापस लौटाकर समाज के सामने ईमानदारी की मिसाल पेश की।
जानकारी के अनुसार कारी गुर्जर, पति अवधेश गुर्जर, बैंक से नगद राशि निकालने पहुंचे थे। बैंक कैशियर द्वारा उन्हें कुल 4 लाख 51 हजार रुपये दिए जाने थे, लेकिन गिनती में हुई त्रुटि के कारण उन्हें 5 लाख 51 हजार रुपये दे दिए गए।
घर पहुंचकर जब कारी गुर्जर ने राशि की दोबारा गिनती की तो उन्हें एक लाख रुपये अधिक प्राप्त होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने बिना किसी विलंब के पुनः बैंक पहुंचकर शाखा प्रबंधक निर्मल रावत को पूरी जानकारी दी और अतिरिक्त राशि बैंक को वापस सौंप दी।
कारी गुर्जर की ईमानदारी से प्रभावित होकर शाखा प्रबंधक निर्मल रावत ने उनका सम्मान किया तथा उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार प्रदान कर धन्यवाद ज्ञापित किया। बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उनके इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे ईमानदार नागरिक समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं।
कारी गुर्जर के इस नेक कार्य की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने इसे ईमानदारी, जिम्मेदारी और नैतिकता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।