मनासा। आगामी मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर मंगलवार शाम मनासा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन, ताजिया कमेटियों के पदाधिकारी, नगर के गणमान्य नागरिकों एवं पत्रकारों ने सहभागिता की।
बैठक में मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूसों के निर्धारित मार्ग, समय, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बिजली आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी ने सभी से आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के साथ पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा कि ताजिया जुलूस पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं, ताकि कानून एवं शांति व्यवस्था बनी रहे।
उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक संदेशों से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करें। किसी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी देने का भी आग्रह किया गया।
बैठक में ताजिया कमेटियों के पदाधिकारियों को जुलूस में सहयोग करने वाले स्वयंसेवकों की सूची पुलिस प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही आयोजकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित जनों ने मोहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर थाना स्टाफ, ताजिया कमेटियों के सदस्य, समाजजन एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।