देवास। माता टेकरी पर हनुमान मंदिर के पास मंगलवार रात अचानक पहाड़ी का कुछ हिस्सा धंस गया। रात होने से श्रद्धालु मौके पर नहीं थे नहीं तो किसी बड़ा हादसा होने से इंकार नही किया जा सकता था। हनुमान मंदिर के एक तरफ के पिलर को क्षतिपहुंची है। सूचना मिलने पर देवस्थान प्रबंध समिति के लोग मौके पर पहुंचे। इधर सूचना मिलते ही सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी व एसडीएम प्रदीप सोनी मौके पर पहुंचे और पहाड़ी से पत्थर निकलने वाले भाग को देखा। सांसद सोलंकी ने पहाड़ी का निरीक्षण किया और अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुचारु करने के निर्देश दिए। साथ ही पहाड़ी के कुछ ऐसे स्थान है जहां वजनदार निर्माण किया गया है उन्हें हटाने के लिए भी एसडीएम को तुरंत संज्ञान लेने की बात कही। सांसद महेंद्र सोलंकी ने बताया कि मैं आगर मालवा दौरे से देवास लौट रहा था। तभी मुझे सूचना प्राप्त हुई कि देवास माता टेकरी पर भूस्खलन हुआ है और बड़े पत्थर गिरे हैं जिससे हनुमान मंदिर का एक पिलर टूट गया और हनुमान मंदिर पर जहां पूजा पाठ और आरती करते हैं उस जगह पर पत्थर आ गए है मैं ऊपर गया और निरीक्षण किया।एसडीएम भी टेकरी पहुंचे उनके साथ फिर मैंने टेकरी का निरीक्षण किया। जो पत्थर गिरे है निश्चित रुप से बड़े पत्थर गिरे है। लेकिन किसी प्रकार की कोई जानमाल की घटना नहीं हुई। भविष्य में इस प्रकार की घटना न हो इसके लिए कलेक्टर से बात की है।एसडीएम प्रदीप सोनी ने बताया कि कुछ पत्थर गेप से नीचे आ गए है। रोड पर नहीं आए है मंदिर के पीछे ही है। वहां लगी जाली टूट गई होगी। घबराने की बात नहीं है। मां तुलजा भवानी मंदिर में मंगला आरती के मुख्य पुजारी महंत विनय नाथ पुजारी ने बताया कि यह साल की पहली घटना है। हालांकि पूर्व में यहां टेकरी पर पत्थर धंसने की घटनाएं होती थी। उसे देखते हुए प्रशासन ने जाली लगाकर सुरक्षा की थी। बता दे की माता टेकरी स्थित पहाड़ी पर कुछ वर्ष पहले भी ऐसी पत्थर धंसने की घटनाएं हो चुकी है। जिसके चलते पहाड़ी के चारों और जगह चिन्हित कर ऐसे स्थानों पर पत्थर रोकने के लिए जालियां लगाई गई है। बताया जा रहा है कि बारिश के दिनों में पहाड़ी पर नमी होने से कुछ पत्थर गिरते रहते है।