भोपाल | खजूरी सड़क इलाके में एक ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला और उसके बेटे की मौत हो गई, जबकि महिला का पति और छोटा बेटा घायल है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा तब हुआ जब ट्रक ड्राइवर एक कार को पीछे से टक्कर मारकर भाग रहा था। करीब एक किलोमीटर आगे ड्राइवर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। बाइक में चार लोग सवार थे। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
एसआई बृजेंद्र निगम के मुताबिक बैरागढ़ निवासी धन सिंह मालवीय सोमवार को सीहोर में अपने साढ़ू भाई के यहां एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। उनके साथ में 45 वर्षीय पत्नी भूरियाबाई, 16 वर्षीय बेटा विनय और 10 वर्षीय बेटा रितिक भी थे। शाम करीब 5: 30 बजे चारों सदस्य बाइक से वापस घर लौट रहे थे। करतार वेयर हाउस के सामने उनकी बाइक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें धनसिंह, भूरियाबाई, विनय, रितिक घायल हो गए। भूरिया बाई और विनय को गंभीर चोट होने के कारण हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डाॅक्टरों ने भूरिया बाई को मृत घोषित कर दिया। विनय की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। धनसिंह और रितिक का प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया गया है कि ट्रक ड्राइवर ने पहले एक कार को पीछे से टक्कर मारी थी।