नीमच । 11 माह पहले बताई समस्या का आज तक निदान नहीं होने से कल हुई बारीश ने फिर से नीमच शहर के गणपति नगर, क्लासिक क्राउन कॉलोनीवासियों के बदतर हालात कर दिये। नगरपालिका के जिम्मेदार जानबूझकर समस्या के निदान के प्रयास नहीं करते है। इसके सबसे बड़े दोषी वे अधिकारी कर्मचारी और जनप्रतिनिधि होते है जो मौके पर पहुंचकर रहवासियों के क्रोध से बचने के लिये बड़ी बड़ी डींगे हांकते है और आश्वासनों के तीर छोड़कर बच निकलते है। बाद में रहवासियों के पूछने पर टालते रहते है जिससे समस्या गंभीर बन जाती है। रहवासियों ने कहा कि नपा के जिम्मेदारों समय रहते जाग जाओं नहीं तो जनता को जगाना आता है।
इस संबंध में क्षेत्र के रहवासी गणपति विकास समिति के अध्यक्ष एड केपीएस झाला, कार्यवाहक अध्यक्ष मनीष चान्दना ने कहा कि अगस्त 2022 में तत्कालीन सीएमओं गरिमा पाटीदार, श्याम टांकवाल, आरएन कदवा ऐसे बदतर हालातों के बाद क्षेत्र में पहुंचे थे और आश्वासनों के बड़े बड़े वादे कर जनता को विश्वास में लिया था। आज 11 माह बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। जिससे रहवासियों में गहन आक्रोश पनप रहा है। नगरपालिका के जिम्मेदार जानबूझकर ऐसी हरकते करते है जिससे कि आमजनता उनके विरूद्ध समस्या निदान के लिये आर पार की लड़ाई कर सके, आंदोलन कर सके। क्षेत्र के रहवासियों ने शांतिपूर्वक समस्या निदान के लिये लगातार प्रयास किये लेकिन लगता है कि नगरपालिका में बैठे जिम्मेदारों को शांति पसंद नहीं है जिसके कारण वे जानकर भी अनजान बन समस्या को अधर में लटकाकर जस की तस रहने देते है जिससे हालात बदतर हो जाते है। यहां के नागरिक बीते कई वर्षो से दयनीय पीड़ा से गुजर रहे हैं कोई सुनने वाला नहीं। यह क्षेत्र जिम्मेदारों की घोर अनदेखी के चलते अपने दयनीय हालातों पर आंसू बहा रहा है।
27 जुलाई के दिन दोपहर में हुई झमाझम बारिश से गणपति नगर से क्लासिक क्राउन व शगुन रेसीडेंसी के मुख्य मार्ग के हालात बदतर हो गए। क्षेत्र के गणेश गार्डन के आसपास स्थित तीनों तरफ स्थित मुख्य मार्ग ने तालाब का रूप ले लिया। घुटनों तक पानी सड़कों पर भरा गया। पानी में जहरीले जानवर का डर भी बना रहता है। चलती बारिश में बिना वाहनों के इस मार्ग से पैदल निकलना जंग लडने के समान रहता है। वही क्षेत्र के प्रमुख मंदिर जाने का एकमात्र मुख्य मार्ग भी यही से होता है जहां आने जाने में धार्मिक बंधुओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है उनकी धार्मिक भावना आहत हो रही है। पैदल निकलना इस मार्ग से मुश्किल भरा सफर हो चुका है। आज क्षेत्र के रहवासी नपाध्यक्ष व सीएमओं से मिलकर समस्या निदान की बात करेंगे उसके बाद भी बात नहीं बनी तो फिर नपा के विरूद्ध आर पार का ऐलान होगा जिसकी समस्त जवाबदारी नपा की होगी।