उज्जैन। निगम के जोन पर ऐसे इंजीनियर भी हैं, जिन्हें यह भी नहीं पता कि उनके क्षेत्र में कौन सी रोड आती है। शुक्रवार को ऐसी ही लापरवाही निगम आयुक्त ने खुद पकड़ी। लंबे समय से जोन तीन में जमे इंजीनियर राजेंद्र रावत से पूछा कि रोड की ऐसी दुर्गति क्यों है, क्यों सफाई नहीं होती है और गड्ढे हो रहे हैं, जिनमें गंदा पानी भरा है। इंजीनियर ने झूठ बोल दिया। यह सड़क तो हमारे जोन में आती ही नहीं। आयुक्त ने पता किया तो इंजीनियर का झूठ पकड़ में आया और तत्काल उसे निलंबित कर दिया।
शुक्रवार को आयुक्त रोशनकुमार सिंह महाकाल लोक के आसपास का निरीक्षण करते हुए जयसिंहपुरा मुख्य मार्ग पर पहुंचे। रोड की दुर्गति और जर्जर अवस्था तथा जल भराव देखकर वहीं रुके और तत्काल इंजीनियरों को स्थल पर बुलाया। उन्होंने पूछा इस रोड की यह हालत क्यों है? अब तक दुरुस्त क्यों नहीं कराया? मौके पर मौजूद कार्यपालन यंत्री जगदीश मालवीय और इंजीनियर राजेंद्र रावत ने साफ इनकार कर दिया कि यह रोड तो हमारे जोन में आता ही नहीं है।
यह तो जोन छह में है। आयुक्त भी अचरज में पड़ गए और जोन छह के भवन अधिकारी हर्ष जैन को बुलवाकर स्थिति जानी। जैन ने स्पष्ट किया कि यह रोड तो जोन तीन में ही आता है। फिर आयुक्त ने जोन तीन के अफसरों को फटकार लगाई और रावत को निलंबित कर दिया।