कंजार्डा। “प्रशासन आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत जिला कलेक्टर अपने जिला अधिकारियों के साथ कंजार्डा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में निर्धारित समय से विलंब से पहुंचे। इस दौरान ग्रामीण बड़ी संख्या में अपनी समस्याओं के समाधान की प्रतीक्षा करते रहे।
शिविर का शुभारंभ जिला कलेक्टर एवं उपस्थित अधिकारियों द्वारा मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। इसके बाद बिना औपचारिकता के सीधे ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
शिविर में जल निगम, राजस्व विभाग, पंचायत विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिला कलेक्टर ने सभी शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
ग्रामीणों द्वारा नहरों की समस्या, कंजार्डा से चौकड़ी बायपास मार्ग पर अतिक्रमण, कंजार्डा-मनासा बायपास रोड एवं बस स्टैंड पर अतिक्रमण, किसानों को खाद की समस्या, गाडोलिया लोहार समाज के आवास संबंधी समस्या, बरखेड़ा रोड पर जल निकासी की समस्या, कंजार्डा-चौकड़ी मार्ग पर जलभराव एवं झोपड़ियों के कारण आवागमन में बाधा, विद्यार्थियों के आवागमन की समस्या, भूमि बंटवारे, आम रास्तों पर अतिक्रमण, श्मशान घाट की व्यवस्था सहित कई मुद्दे रखे गए।
इसके अतिरिक्त पशु चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित समस्याएं भी ग्रामीणों द्वारा उठाई गईं, जिनके निराकरण के निर्देश जिला कलेक्टर ने मौके पर ही दिए।
ग्रामीणों की मांग पर जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सात दिवस के भीतर नवनिर्मित भवन में स्वास्थ्य केंद्र को स्थानांतरित किया जाए। साथ ही पशुपालकों की मांग पर प्रत्येक सोमवार को शिविर आयोजित करने तथा सहकारी समिति में सदस्यता हेतु भी सोमवार को विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम का संचालन बाबूलाल धाकड़ द्वारा किया गया। सरपंच भूरालाल खाती ने सभी जिला अधिकारियों का साफा बांधकर एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया तथा अंत में आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।