मंदसौर। गरोठ तहसील के अंतर्गत बाण्डीया खाल निवासी सीमा पति राहुल बघाना (उम्र 22 वर्ष, जाति बंजारा) को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों द्वारा टोल-फ्री नंबर 108 पर सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना गांधीसागर की 108 एम्बुलेंस मौके के लिए रवाना हुई और महिला को गांव से एम्बुलेंस में लेकर गरोठ की ओर रवाना हुई। लेकिन गांव के बाहर पहुंचते ही महिला को अत्यधिक प्रसव पीड़ा होने लगी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एम्बुलेंस में तैनात इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन अनिल प्रजापति एवं पायलट ईश्वर माली ने सूझबूझ दिखाते हुए एम्बुलेंस को सड़क किनारे रोककर सुरक्षित प्रसव कराने का निर्णय लिया।
महिला ने एम्बुलेंस में ही एक स्वस्थ बालिका को जन्म दिया। प्रसव के बाद दोनों, माता एवं नवजात, पूरी तरह स्वस्थ हैं।
इसके पश्चात दोनों को सिविल अस्पताल गरोठ में सुरक्षित भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकीय देखरेख में उपचार जारी है।
परिजनों एवं ग्रामीणों ने 108 एम्बुलेंस सेवा की तत्परता एवं कर्मचारियों के त्वरित निर्णय की सराहना की।