नीमच। शासन के निर्देशानुसार जनपद पंचायत मनासा के ग्राम भाटखेड़ी बुजुर्ग में शुक्रवार को क्लस्टर स्तरीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, एसडीएम किरण आंजना एवं जनपद पंचायत सीईओ आरिफ खान उपस्थित रहे।
शिविर में आसपास की 20 ग्राम पंचायतों के हितग्राहियों ने भाग लिया, जिसमें महिलाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस अवसर पर सीईओ आरिफ खान ने शासन के 22 विभागों की 111 जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 127 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका विभागीय अधिकारियों द्वारा परीक्षण कर मौके पर ही निराकरण किया गया।
इस अवसर पर विधायक अनिरुद्ध मारू ने ग्राम पंचायत भाटखेड़ी बुजुर्ग में 11.22 लाख रुपये की लागत से निर्मित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-4 के नवीन भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए स्वरोजगार योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया तथा अधिकारियों को अंतिम पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में चल रहे एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी भी दी।
एसडीएम किरण आंजना ने भी ग्रामीणों से अधिकाधिक शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सरपंच मनोज पुरोहित ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।