नीमच। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 21 जून 2026 (रविवार) को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस "स्वस्थ आयु के लिए योग" (Yoga for Healthy Ageing) थीम पर मनाया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम प्रातः 6 बजे से लायन डेन, नीमच में आयोजित होगा।
कार्यक्रम के तहत कोलकाता से राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का सीधा प्रसारण किया जाएगा। प्रतिभागी प्रधानमंत्री के उद्बोधन का भी सीधा प्रसारण सुन सकेंगे। इसके बाद विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में सामान्य योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी, योग संस्थाएं, एनसीसी, एनएसएस, पुलिस बल एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे।
आयोजकों ने जिलेवासियों, योग प्रेमियों, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न संस्थाओं से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लेने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है और स्वस्थ जीवनशैली की आधारशिला है।