निंबाहेड़ा। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ष्ऑपरेशन त्रिनेत्रष् के तहत सदर निंबाहेड़ा पुलिस एवं जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नर्सरी के पौधों की आड़ में तस्करी कर ले जाया जा रहा 287 किलो 720 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टाटा ट्रक जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत एएसपी मुकुल शर्मा एवं डीएसपी बद्रीलाल के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। सदर निंबाहेड़ा थानाधिकारी संजय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम और डीएसटी ने थाना क्षेत्र के हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान एक टाटा ट्रक की तलाशी ली।
जांच में ट्रक में नर्सरी के पौधों के बीच छिपाकर रखा गया 287 किलो 720 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक शिवराज जाट निवासी रूपाहेली, जिला भीलवाड़ा को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त कर लिया।
पुलिस अब इस मामले में गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विस्तृत जांच की जा रही है।