नीमच। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में यातायात थाना प्रभारी सूबेदार सोनू बड़गुर्जर एवं उनकी टीम ने गुरुवार को ज्ञानोदय स्कूल में संचालित स्कूल बसों का निरीक्षण किया। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट द्वारा स्कूल वाहनों के लिए जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों के पालन की समीक्षा के लिए की गई।
निरीक्षण के दौरान बसों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशामक यंत्र, स्पीड गवर्नर, जीपीएस सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा दस्तावेज एवं वाहन चालकों के लाइसेंस की जांच की गई। कुछ वाहनों में निर्धारित मानकों का पूर्ण पालन नहीं पाए जाने पर स्कूल प्रबंधन को दो दिवस के भीतर सभी कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए।
यातायात पुलिस ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार स्कूल बसों का रंग पीला होना, वाहन पर ष्स्कूल बसष् अंकित होना, प्रशिक्षित चालक एवं परिचालक की नियुक्ति, आपातकालीन द्वार, सुरक्षा ग्रिल, प्राथमिक उपचार किट तथा अग्निशामक यंत्र जैसी सुविधाएं अनिवार्य हैं। साथ ही बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने एवं खुला दरवाजा रखकर संचालन करने पर प्रतिबंध है।
पुलिस ने जिले के सभी स्कूल संचालकों एवं प्राचार्यों से स्कूल वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। यातायात पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने न दें तथा यातायात नियमों का पालन करें।