नीमच। सेवा एवं संस्कार के क्षेत्र में अग्रणी भारत विकास परिषद, मुख्य शाखा नीमच द्वारा आयोजित सात दिवसीय योग शिविर उत्साहपूर्वक जारी है। यह शिविर 15 जून से प्रारंभ होकर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून तक आईएफके एकेडमी, टीआईटी कॉलोनी के पास, बीएसएनएल रोड स्थित परिसर में प्रतिदिन प्रातः 6रू30 बजे से 8 बजे तक आयोजित किया जा रहा है।
योग शिक्षिका रिमझिम मंगल प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण दे रही हैं। उन्होंने बताया कि नियमित योग और प्राणायाम से शरीर स्वस्थ, ऊर्जावान एवं रोगमुक्त रहता है। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से अधिक सशक्त बन सकता है।
शिविर में प्रतिभागियों को विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया जा रहा है। परिषद के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में शहरवासी भी इसमें उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के पश्चात प्रतिभागियों को प्रतिदिन जूस एवं अंकुरित आहार भी वितरित किया जा रहा है।
यह जानकारी परिषद के मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं प्रकल्प संयोजक राजेश जायसवाल ने दी।