चित्तौड़गढ़। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-02 के तहत जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में वांछित 2 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में जिले में अधिक से अधिक इनामी एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में निरीक्षक जोधाराम के निर्देशन में एएसआई सूरज कुमार, कांस्टेबल अरविंद, अशोक, कृष्णकांत एवं वीरेंद्र की टीम गठित की गई थी।
कार्रवाई के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना मल्हारगढ़ (जिला मंदसौर) में वर्ष 2022 के एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में 2 हजार रुपये का इनामी आरोपी लेहरू अहीर पिता मोहनलाल अहीर, निवासी जालमपुरा, थाना राशमी, अपने घर आया हुआ है।
सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने गांव जालमपुरा पहुंचकर बताए गए हुलिए के व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम लेहरू अहीर निवासी जालमपुरा होना स्वीकार किया। आरोपी के विरुद्ध थाना मल्हारगढ़ में दर्ज प्रकरण में इनाम घोषित होने के कारण उसे नियमानुसार डिटेन किया गया तथा मंदसौर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2022 से फरार चल रहा था। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे संबंधित पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा।