निंबाहेड़ा। कोतवाली निंबाहेड़ा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों ने निंबाहेड़ा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों से बाइक चोरी करना स्वीकार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ रही दुपहिया वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा एवं डीएसपी ब्रदीलाल राव के निर्देशन में थानाधिकारी रामसुमेर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की सहायता से जांच करते हुए आरोपी नंदकिशोर जाटव उर्फ बल्लू (22) निवासी रेलवे स्टेशन रोड, जावद (जिला नीमच) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने निंबाहेड़ा के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिलों के लॉक तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की बाइकें शुभम तेली (18) निवासी सरवानिया महाराज, जावद को बेची जाती थीं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।