रायसेन। नगर पालिका परिषद ने भोपाल रोड स्थित नर्सिंग छात्रावास के सामने के क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कर हरित क्षेत्र विकसित करने की पहल शुरू की है। यह कदम पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। खाली कराई गई जमीन पर अब पौधारोपण किया जा रहा है और विद्यार्थी स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के संदेश देती आकर्षक पेंटिंग बना रहे हैं।
गुरुवार को सांदीपनि विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने दीवारों पर स्वच्छता, पर्यावरण और हरित जीवन से संबंधित सुंदर चित्र बनाए। इन पेंटिंग्स का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
बच्चों की भागीदारी बढ़ाने विशेष पहल
नगर पालिका ने इस अभियान में बच्चों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष पहल की है।
इच्छुक बच्चे अपने नाम का पौधा लगाकर उसकी देखरेख की जिम्मेदारी भी ले सकेंगे। इससे उनमें प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।
बड़ी संख्या में पौधे लगाए जाएंगे
मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) सुरेखा जाटव की पहल पर यह अभियान शुरू किया गया है, जिसमें नगर पालिका की स्वच्छता शाखा और शहरी आजीविका मिशन का सहयोग मिल रहा है। सिटी मैनेजर रानी तिवारी ने बताया कि पौधारोपण महाअभियान के तहत इस वर्ष बड़ी संख्या में पौधे लगाए जाएंगे। उनके संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि वे भविष्य में बड़े वृक्ष बन सकें।
नगर पालिका का उद्देश्य शहर को स्वच्छ और हरित बनाने के साथ-साथ नागरिकों की सहभागिता बढ़ाना है। अधिकारियों का मानना है कि जनभागीदारी से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्वच्छता सर्वेक्षण में भी बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी।