नीमच। आमजन तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल, सहज एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद नीमच में गुरुवार को जिला स्तरीय जनकल्याण महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। प्रदेशव्यापी अभियान के तहत आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में हितग्राहियों ने भाग लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा उनका लाभ उठाया।
महोत्सव में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, डाकघर की बचत योजनाएं, संत रविदास स्वरोजगार योजना, पशुपालन विभाग की योजनाएं तथा बैंकों द्वारा वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए।
कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना को गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए जीवन बदलने वाली योजना बताते हुए पात्र हितग्राहियों से इसका अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। साथ ही प्रधानमंत्री के 12 वर्षों के कार्यकाल में संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम का संचालन राजेश ‘पप्पू’ मंगल ने किया।