मंदसौर। आमजन को आधार कार्ड संबंधी सेवाएं सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंदसौर डाक संभाग द्वारा 20 जून 2026 को विशेष आधार सेवा अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत डाकघरों में नवीन आधार पंजीयन, आधार कार्ड में संशोधन, बायोमेट्रिक अपडेट तथा मोबाइल नंबर एवं ई-मेल लिंक कराने जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
डाक विभाग के अधीक्षक अजित सिंह डामोर ने बताया कि अभियान के लिए टोकन वितरण पूर्व निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा। 20 जून को सभी आधार सेवा केंद्र सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित रहेंगे।
यह विशेष अभियान मंदसौर जिले के मुख्य डाकघर, सिटी डाकघर, सुवासरा, भानपुरा, गरोठ, शामगढ़, दलौदा, नाहरगढ़, सीतामऊ, बूढ़ा, मल्हारगढ़ एवं पिपलिया सहित विभिन्न उपडाकघरों में आयोजित किया जाएगा। वहीं नीमच जिले में नीमच प्रधान डाकघर, बघाना, खोर, जावद, मनासा, रामपुरा एवं अन्य डाकघरों में भी यह सुविधा उपलब्ध रहेगी।
डाक विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम डाकघर स्थित आधार सेवा केंद्र पर पहुंचकर इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं और आधार संबंधी आवश्यक कार्य समय पर पूर्ण कराएं।