नीमच। जिला प्रशासन द्वारा गुरुवार को नगर पालिका परिषद परिसर में ष्अंगीकार 2026ष् अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रधानमंत्री आवास मेला एवं स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एसडीएम पराग जैन, सीएमओ दुर्गा बामनिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
अतिथियों ने शासन की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से उनका लाभ लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
महोत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा 15 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जहां हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन किया तथा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं लाभ वितरण किए।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र एवं क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास निर्माण सहायता के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा श्रम योगी मानधन योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभ भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री परिहार ने कहा कि जनकल्याण महोत्सव का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चोपड़ा ने कहा कि ऐसे शिविरों से हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान होने के साथ उन्हें योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त होती है।
कार्यक्रम का संचालन राजेश पप्पू मंगल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन एसडीएम पराग जैन ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राही, जनप्रतिनिधि, पार्षद एवं नगर पालिका अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।