नीमच। शहर की होनहार बेटी मनस्वी जैन ने पहले ही प्रयास में चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) की अंतिम परीक्षा उत्तीर्ण कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। मनस्वी, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील जैन (कटारिया) की पुत्री हैं।
मनस्वी ने अपनी बी.कॉम. और सीए की पढ़ाई मुंबई से पूरी की। कठिन मानी जाने वाली सीए फाइनल परीक्षा सफलतापूर्वक पास कर उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा का उत्कृष्ट परिचय दिया है।
मनस्वी की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों एवं शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। शहर के सामाजिक, राजनीतिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
मनस्वी की सफलता नीमच के युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है, जो यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, सतत मेहनत और अनुशासित तैयारी से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।