नीमच। विभिन्न विभागों से जुड़े हुए पेंशनर्स आज बड़ी संख्या में लामबंद होकर महंगाई राहत की मांग लेकर नारेबाजी करते हुए नीमच के जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। पेंशनर्स ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम नायब तहसीलदार पिंकी साठे को ज्ञापन सौंपा। पेंशनरों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 42 प्रतिशत महंगाई राहत का आदेश जारी नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। साथ ही कहा है कि समय पर महंगाई राहत नहीं तो वोट नहीं।
ज्ञापन में कहा गया है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश के 5 लाख बुजुर्ग पेंशनर की महंगाई राहत केवल इसलिए रोक कर बैठे हैं कि छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश पुनर्गठन आयोग की धारा 49 छह के तहत आपसी सहमति प्रदान नहीं कर रही है जो मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ सरकार की हठधर्मिता है। जिसके कारण पेंशनरों को आर्थिक हानि हो रही है। ज्ञापन में मध्य प्रदेश की सरकार पर अच्छे दिन के वादे पर प्रश्नचिह्न लगाया है। ज्ञापन में मांग की है कि पेंशनरों के हक में 42 प्रतिशत महंगाई राहत का आदेश जारी कर छत्तीसगढ़ सरकार को सूचित कर दें।
ज्ञापन सौंपते समय पुलिस, शिक्षा, वन, कृषि, विद्युत, पशु चिकित्सा, जल संसाधन, लोक निर्माण और अन्य कई विभागों के पेंशनर मौजूद रहे। ज्ञापन का वाचन बालचंद्र वर्मा ने किया।