नीमच। फिर एक बार जमीनी विवाद का मामला सामने आया है। आज नीमच के मेहनोत नगर के निवासी बगीचे की जमीन पर किये जा रहे कब्जे के विरोध में इकट्ठा होकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे।
मेहनोत नगर के निवासियों का कहना है कि भूखंड क्रमांक 134 और 141 के सम्मुख और भवन क्रमांक 89 से 96 के पिछले भाग में बगीचे की जमीन पर मुकेश संघई जो कि मनासा का निवासी है उसके द्वारा खम्भे गाड़ कर प्लाट काटने का प्रयास किया जा रहा है। बगीचे की जमीन नगर तथा ग्राम निवेश विभाग कार्यालय से प्रमाणित है। कॉलोनी वासियों ने उसका नक्शा भी मीडिया को दिखाया, और कहा कि इस भूमि पर एक कुंआ भी है, जिससे यादव मंडी में नगर पालिका द्वारा जल वितरण होता है। यहां पिछले दिनों वृक्षारोपण भी किया गया।
रहवासियों ने बताया कि विरोध करने पर फिलहाल मुकेश संघई ने काम रोक लिया है। लेकिन भविष्य में विवाद की स्थिति निर्मित हो सकती है। मेहनोत नगर के लोगों ने कलेक्टर से अनुरोध किया कि वह नगर पालिका को निर्देशित कर बगीचे की जमीन को आधिपत्य में लेकर बगीचे को विकसित करें। यहां सवाल यह उठता है कि बगीचे की जमीन पर मुकेश संघई किस प्रकार प्लाट काटने की जुर्रत कर रहा है। इसके पीछे कहानी क्या है?