नयागांव। नागपंचमी के पावन पर्व पर सोमवार को श्रीदेवी नवयुवक मंडल समिति नयागांव के तत्वावधान में श्री देवनारायण मंदिर खाकलदेवजी से धर्मराज एवं नागराज की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सुबह करीब 10ः30 बजे शुरू हुई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा में आकर्षक धार्मिक झांकियां, कयायपुर के कश्मीरी ढोल, डीजे, आलौकिक श्रृंगार और बग्गी में विराजमान नागराज एवं देवनारायण की सवारी आकर्षण का केंद्र रही। भगवान हनुमान एवं उनकी वानर सेना, भगवान शंकर के परिवार सहित विभिन्न देवी-देवताओं और जंगली जानवरों की वेशभूषा में कलाकार भी शोभायात्रा में शामिल हुए।
अखाड़े के कलाकारों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
शोभायात्रा के दौरान अखाड़े के कलाकारों ने विभिन्न करतब दिखाकर श्रद्धालुओं का मनोरंजन किया। धार्मिक झांकियों और कलाकारों की प्रस्तुतियों को देखने के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग नयागांव पहुंचे। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर नाचते-गाते हुए शोभायात्रा के साथ चलते नजर आए।
शोभायात्रा का नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। कई दुकानदारों ने जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं को केले सहित अन्य प्रसाद वितरित किए।
पुलिस-प्रशासन रहा मुस्तैद
शोभायात्रा की व्यवस्थाओं में श्रीदेव नवयुवक मंडल समिति के सदस्यों के साथ ग्रामीणों ने भी सहयोग किया। पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग के पटवारी शोभायात्रा के समापन तक व्यवस्था में मौजूद रहे। नागपंचमी पर निकली भव्य शोभायात्रा ने पूरे नयागांव को धार्मिक और उत्सवी माहौल से सराबोर कर दिया।