चित्तौड़गढ़। बोजुंदा स्थित श्री काला बावजी कालभैरव मंदिर में सोमवार को नागपंचमी पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व के अवसर पर अभिषेक, महाआरती सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
पुजारी बाबूलाल जटिया के सानिध्य में प्रातः अभिषेक अनुष्ठान और महाआरती आयोजित की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को खीर और फलाहार का प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में आसपास के गांवों सहित दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
जिला मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर बोजुंदा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे श्री कालभैरव यानी काला बावजी का यह प्राचीन धार्मिक स्थल श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रत्येक शनिवार को बावजी की गादी लगती है, जबकि हर माह की अष्टमी को श्री कालिका माता की महाआरती की जाती है।
मंदिर परिसर में श्री कालभैरव एवं शेष अवतार जी के साथ मां कालिका, जगदंबा और शिव परिवार के मंदिर भी स्थापित हैं। वर्षभर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मान्यता है कि काला बावजी के दरबार में श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और उन्हें दैहिक, दैविक एवं भौतिक कष्टों से मुक्ति मिलती है।
भोपाजी बाबूलाल जटिया ने बताया कि पर्व विशेष के अवसर पर मंदिर में नियमित रूप से धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाते हैं।