कुकड़ेश्वर। नगर कुकड़ेश्वर में नाग पंचमी का पर्व उत्साह, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। नगर के नया शेषावतार मंदिर एवं जूना शेषावतार मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। भक्तों ने भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना, अभिषेक एवं आरती की और सुख-समृद्धि की कामना की।
नाग पंचमी के अवसर पर दोनों मंदिर परिसरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। यहां भगवान शिव, राधा-कृष्ण, भोलेनाथ और नागदेवता सहित विभिन्न देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां सजाई गईं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं।
भव्य पालकी यात्रा निकाली
पूजन-अर्चन के बाद भगवान को सुसज्जित पालकी में विराजमान कर बैंड-बाजों और भक्ति गीतों के साथ नगर भ्रमण कराया गया। पालकी यात्रा का नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। विभिन्न चौराहों और मोहल्लों में श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती एवं पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
भव्य पालकी यात्रा वापस मंदिर परिसर पहुंची, जहां भगवान की महाआरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित की गई।
देर रात तक भक्ति में लीन रहे श्रद्धालु
देर रात तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते रहे और भगवान के दर्शन एवं पूजा-अर्चना का लाभ लिया। रात्रि में मंदिर परिसर भजन-कीर्तन और धार्मिक जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन रहे और नाग पंचमी पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया।
कुकड़ेश्वर में आयोजित नाग पंचमी पर्व ने श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश दिया।