नीमच। भारतीय जनता पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम में मध्यप्रदेश के कई नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें राज्यसभा सांसद एवं मंदसौर-नीमच क्षेत्र के वरिष्ठ नेता बंसीलाल गुर्जर को भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से नीमच-मंदसौर सहित मालवा क्षेत्र के किसानों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
बंसीलाल गुर्जर इससे पहले मध्यप्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद मंदसौर स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।
अफीम नीति से पहले बड़ी जिम्मेदारी-
वरिष्ठ पत्रकार मुस्तफा हुसैन के अनुसार आगामी अफीम नीति 2026-27 से पहले बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा की राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिलना क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुर्जर लंबे समय से किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलने से किसानों की समस्याओं को केंद्र तक मजबूती से रखने की उम्मीद है।
बंसीलाल गुर्जर की नियुक्ति को नीमच-मंदसौर सहित पूरे मालवा क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर किसान मोर्चा की कमान मिलने से क्षेत्र की किसान आवाज को नई मजबूती मिलेगी।