नीमच। सावन मास के तीसरे सोमवार के पावन अवसर पर नीमच के आराध्य श्री किलेश्वर महादेव की भव्य शाही सवारी मंदिर परिसर से निकली। भगवान किलेश्वर महादेव दिव्य रथ पर विराजित होकर नगर भ्रमण कर रहे हैं। शाही सवारी के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु चल रहे हैं। पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष गूंज रहे हैं और शहर शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है।
शहरवासियों में दिख रहा गजब का उत्साह-
युवा समाजसेवी अरुल अरोरा (गंगानगर) एवं मंदिर समिति के तत्वावधान में आयोजित शाही सवारी को लेकर शहरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों, संस्थाओं एवं शहरवासियों द्वारा भगवान किलेश्वर महादेव का पुष्पवर्षा एवं पूजा-अर्चना कर स्वागत किया जा रहा है।
प्रमुख मार्गों से गुजर रही शाही सवारी-
श्री किलेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ हुई शाही सवारी रेलवे स्टेशन, मंडी रोड एवं ज्ञान मंदिर कॉलेज होते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजर रही है। ज्ञान मंदिर कॉलेज क्षेत्र में विद्वान पंडितों के सानिध्य में भगवान किलेश्वर महादेव की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद शाही सवारी पुस्तक बाजार, नयाबाजार, फव्वारा चौक, टैगोर मार्ग एवं फोर जीरो चौराहा होते हुए पुनः श्री किलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां सवारी का समापन होगा।
17 से अधिक झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र-
शाही सवारी में बाबा की बारात सहित 17 से अधिक भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां शामिल हैं। मेरठ की केरला झांकी, कलकत्ता की झांकी, राधा-कृष्ण, बाहुबली हनुमान, बाहुबली शंकर, नरमुंड की विशेष प्रस्तुति तथा नंदी के साथ अघोरी की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इसके अलावा फोकस बैंड, नासिक के ढोल, झांझ पार्टी एवं गंगा आरती की झांकी के साथ शाही रथ और विशेष फोकस लाइट्स सवारी की भव्यता बढ़ा रहे हैं। ढोल-नगाड़ों और शिवभक्ति के जयघोष के बीच श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आ रहे हैं।
101 क्विंटल फूलों से सजा किलेश्वर महादेव मंदिर-
सावन सोमवार के अवसर पर श्री किलेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का भव्य एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया है। युवा समाजसेवी अरुल अरोरा (गंगानगर) की पहल पर मंदिर परिसर को देश के विभिन्न हिस्सों से मंगाए गए करीब 101 क्विंटल रंग-बिरंगे एवं सुगंधित फूलों से सजाया गया है। नासिक के गुलाब, हिमाचल की सेवंती, रजनीगंधा सहित दिल्ली, पुणे एवं अन्य स्थानों से मंगाए गए फूलों से मंदिर परिसर को आकर्षक रूप दिया गया है। फूलों की मनमोहक सजावट और सुगंध के बीच श्रद्धालु बाबा किलेश्वर महादेव के दर्शन कर रहे हैं।
हर मार्ग पर दिख रही आस्था की झलक-
शाही सवारी के मार्ग में जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं। सामाजिक संगठनों, विभिन्न संस्थाओं एवं शहरवासियों द्वारा पुष्पवर्षा, पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण के माध्यम से भगवान किलेश्वर महादेव का स्वागत किया जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने से शाही सवारी आस्था और उल्लास के विशाल उत्सव में बदल गई है। शाही सवारी के दौरान नीमच की सड़कें शिवभक्ति से सराबोर हैं। श्रद्धालुओं के जयघोष, ढोल-नगाड़ों की गूंज और आकर्षक झांकियों के बीच श्री किलेश्वर महादेव की शाही सवारी नगर भ्रमण कर रही है।