निम्बाहेड़ा। कल्याण नगरी के आराध्य ठाकुर श्री कल्लाजी का 483वां जन्मोत्सव श्रावण शुक्ल अष्टमी, 20 अगस्त को धर्म, गौरव और परंपरा के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंगलवार शाम 7 बजे श्री कल्लाजी मंदिर के सामने स्थित एमजीएम स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मंदिर न्यासियों एवं पदाधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम में ठाकुर श्री कल्लाजी के जीवन परिचय और श्री कल्लाजी मंदिर से जुड़े विषयों पर ‘कल्लाजी को जानो’ प्रश्नोत्तरी आयोजित होगी। इसमें उनके जीवन, वीरता, धर्मनिष्ठा, मंदिर के इतिहास और रोचक तथ्यों से जुड़े ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक प्रश्न शामिल किए जाएंगे।
आयोजकों ने बताया कि प्रश्नोत्तरी का उद्देश्य नई पीढ़ी को ठाकुर श्री कल्लाजी के जीवन, गौरवशाली इतिहास और लोककल्याण की परंपरा से परिचित कराना है। 20 अगस्त को होने वाले जन्मोत्सव को लेकर क्षेत्र में तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजकों ने श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया है।
सावन के तीसरे सोमवार अर्धनारीश्वर स्वरूप में हुए दर्शन
सावन मास के तीसरे सोमवार को कल्याण नगरी में ठाकुर श्री कल्लाजी के अर्धनारीश्वर स्वरूप के दर्शन हुए। विशेष श्रृंगार में भगवान शिव और माता शक्ति के एकरूप स्वरूप ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही।
भक्तों ने ठाकुर श्री कल्लाजी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। सावन सोमवार के अवसर पर मंदिर परिसर दिनभर भक्तिमय बना रहा।