चित्तौड़गढ़। भारतीय मजदूर संघ (भामसं) के राष्ट्रीय आह्वान पर श्रमिकों, कर्मचारियों एवं समाज के कमजोर वर्गों के हित में 11 प्रमुख श्रम संबंधी मांगों को लेकर सोमवार, 17 अगस्त को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान शास्त्रीनगर स्थित विद्युत विभाग कार्यालय से कलेक्ट्रेट चौराहा तक रैली निकाली गई। प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
जिला मंत्री सागरमल टांक ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि भारत का श्रमिक वर्ग राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। देश के उद्योग, सेवा क्षेत्र, बैंकिंग, परिवहन, निर्माण, विद्युत, उत्पादन एवं सार्वजनिक सेवाओं के विकास में श्रमिकों का महत्वपूर्ण योगदान है। आर्थिक प्रगति के बावजूद करोड़ों श्रमिक आज भी महंगाई, असमान वेतन, सामाजिक सुरक्षा के अभाव तथा श्रम कानूनों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ अपनी स्थापना से लेकर आज तक राष्ट्रहित, उद्योग एवं श्रमिक हित के सिद्धांत तथा ‘रिस्पॉन्सिव को-ऑपरेशन’ की कार्यपद्धति के आधार पर कार्य करता रहा है।
ज्ञापन में रखी प्रमुख मांगें-
भामसं ने ज्ञापन में ईएसआईसी की वेतन सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने, न्यूनतम ईपीएफ पेंशन 1 हजार से बढ़ाकर 7,500 रुपये करने तथा उसमें महंगाई भत्ता जोड़ने की मांग की। इसके अलावा ईपीएस की वेतन सीमा 15 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने की मांग भी रखी गई।
संगठन ने बोनस गणना के लिए अधिकतम वेतन सीमा 7 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये करने तथा बोनस प्राप्त करने की पात्रता सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने की मांग की। आंगनवाड़ी, आशा सहयोगिनी, मिड-डे मील, साथिन, संविदा एवं अन्य योजना कर्मचारियों के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि के साथ सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य सुविधाएं देने की मांग भी की गई।
संविदा कर्मचारियों के शोषण को रोकने के लिए समान कार्य के लिए समान वेतन के सिद्धांत को प्रभावी रूप से लागू करने, देशभर में बैंकिंग सप्ताह पांच दिवसीय करने, ग्रेच्युटी की सीमा 20 लाख से बढ़ाकर 40 लाख रुपये करने तथा राष्ट्रीय न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता रहे मौजूद-
प्रदर्शन के दौरान भामसं प्रदेश मंत्री आनंद प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष मोनिका उपाध्याय, जिला मंत्री सागरमल टांक, जिला उपाध्यक्ष मनीष पुरी गोस्वामी, जिला संगठन मंत्री चरणसिंह मीणा, जिला कोषाध्यक्ष योगेश सुखवाल, वृत्त महामंत्री विद्युत तुलसीराम मेनारिया, वृत्त अध्यक्ष राजमल कंडारा, आंगनवाड़ी जिलाध्यक्ष ममता जोशी, सदस्य तनुजा यति, भामसं कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश तिवारी, बिरला सीमेंट माइंस इकाई अध्यक्ष गणपतसिंह, आदित्य सीमेंट से ओमसिंह, कार्यकारी अध्यक्ष भुवनेश सेन, बिरला सीमेंट प्लांट महामंत्री सुरेंद्र गहलोत, कार्यकारी अध्यक्ष विक्रम गवारिया, पैकिंग प्लांट इकाई अध्यक्ष शैतानसिंह, उपाध्यक्ष हरिराज सिंह, ऑटोचालक यूनियन जिलाध्यक्ष राकेश पटवा, ठेका श्रमिक संघ सदस्य गोविंद तेली, विजयसिंह सहित विभिन्न यूनिट एवं इकाइयों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।