नीमच। सावन मास के तीसरे सोमवार के पावन अवसर पर नीमच के प्रसिद्ध श्री किलेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का भव्य एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया। युवा समाजसेवी अरुल अरोरा (गंगानगर) की पहल पर मंदिर परिसर को देश के विभिन्न हिस्सों से मंगाए गए करीब 101 क्विंटल रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से सजाया गया। फूलों की आकर्षक सजावट से मंदिर परिसर की छटा देखते ही बन रही है। फूलों की खुशबू और शंख-घंटियों की गूंज के बीच श्रद्धालु बाबा किलेश्वर महादेव के दर्शन कर रहे हैं।
देशभर से मंगाए विशेष फूल-
भगवान महादेव के महा-श्रृंगार के लिए विशेष रूप से नासिक के गुलाब, हिमाचल प्रदेश की सेवंती, रजनीगंधा, दिल्ली के विशेष फूल तथा पुणे और हिमाचल के अन्य क्षेत्रों से विभिन्न प्रकार के फूल मंगवाए गए। रेलवे स्टेशन रोड स्थित मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर मंदिर परिसर और गर्भगृह तक फूलों की आकर्षक सजावट की गई है। फूलों से सजे मंदिर को देखने के लिए श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह नजर आया।
हर वर्ष की तरह इस बार भी अनूठी पहल-
युवा समाजसेवी अरुल अरोरा (गंगानगर) द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री किलेश्वर महादेव मंदिर में भव्य पुष्प सजावट की जिम्मेदारी उठाई गई। सावन सोमवार और बाबा किलेश्वर महादेव की शाही सवारी के अवसर पर की गई इस विशेष सजावट ने मंदिर की भव्यता को और बढ़ा दिया।
इसी बीच श्री किलेश्वर महादेव की शाही सवारी नगर भ्रमण पर निकल चुकी है, जिसके चलते शहर में श्रद्धालुओं और शिवभक्तों का उत्साह चरम पर है। मंदिर से लेकर सवारी मार्ग तक पूरा नीमच ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज रहा है।