मंदसौर। मंदसौर-सीतामऊ रोड पर गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक अपनी गर्भवती पत्नी से मिलकर वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
सीतामऊ टीआई दिनेश प्रजापति ने बताया कि घटना शुक्रवार रात्रि करीब 1 बजे की है। 25 वर्षीय मृतक युवक किशोर पिता शंकर लाल पाटीदार निवासी तितरोद थानां सीतामऊ दोपहर में बाइक से बहन को छोड़ने तितरोद गांव से मंदसौर के निकट अमलावद गांव गया था। मृतक युवक का ससुराल भी इसी गांव में है। बहन को छोड़कर और पत्नी से मिलकर वह देर रात वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान मंदसौर सीतामऊ रोड़ पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार क्रमांक एमपी 14 सीडी 1450 ने युवक को टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में बाइक सवार किशोर पाटीदार की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह मृतक का पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में सीतामऊ थाना पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। कार चालक फरार है।