नीमच। जीरन तहसील के गांव बंबोरा के जैन मोहल्ले में पिछले 30 वर्ष से खाली पड़ी खंडहर नुमा हवेली और उस पर लगा पीपल का पेड़ जानलेवा हादसे को आमंत्रित कर रहा है। कभी भी यहां कोई बड़ा हादसा हो सकता है। आसपास के रहवासी डर के माहौल में जीवन जी रहे है।
मामला यह है कि गांव बंबोरा के जैन मोहल्ले में मुन्नालाल, दिनेश, अशोक, रामचंद्र, किशोर और अर्जुन का शामिलाती मकान है। जो कि पिछले 30 वर्षों से खाली पड़ा है और इसके उपर एक पीपल का पेड़ लगा है। जिसकी जड़ें फैलकर पड़ोस में रहने वाले शिखरचंद पिता चांदमल के मकान की कड़ाउ और सिंगोली की पट्टी से बनी हुई दिवारों में जगह-जगह से तड़क पैदा कर रही है। खंडहर नुमा हवेली पर फैल रहे इस पीपल के पेड़ की वजह से कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। जिसकी वजह से शिखर चंद और उसके परिवार के 6 सदस्य भयानक रूप से डरे सहमे हुए हैं। इनके द्वारा पंचायत में और कलेक्टर कार्यालय पर जनसुनवाई के दौरान गुहार भी लगाई गई। जनसुनवाई में आवेदन पर उच्च अधिकारियों द्वारा तहसीलदार को पेड़ हटवाने के निर्देश भी दिए गए। किंतु निर्देश की पालना नहीं हुई। खंडहर हवेली भी जर्जर स्थिति में है। यहां संकड़ा सा आमरास्ता भी है। रिहायशी इलाका है। समीप ही जैन मंदिर है। आवाजाही लगी रहती है। पेड़ और कंटीली झाड़ियों के कारण सांप, बिच्छू और जहरीले जानवरों का डर लगा रहता है। प्रशासन को हालात के मद्देनजर तुरंत एक्शन लेना चाहिए।