उज्जैन | सावन महीने के चौथी सोमवार को उज्जैन में राजाधिराज भगवान महाकाल की सवारी निकल रही है। उज्जैन के राजा के रूप में बाबा महाकाल प्रजा के हाल जानने निकले हैं। महाकालेश्वर मंदिर में सबसे पहले बाबा महाकाल की आरती और पूजन किया गया। पुलिस की सशस्त्र टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
चौथी सवारी में बाबा उमा महेश के स्वरूप में दर्शन देने निकले हैं। सवारी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े हैं। जगह-जगह सवारी का फूल बरसा कर स्वागत किया जा रहा है। सड़कों पर रंगोली भी बनाई गई है। सवारी निकलने के दौरान भजन मंडली, शिव के स्वरूप की झांकी आगे चल रही है। इसके बाद सशस्त्र बल की टुकड़ी समेत मंदिर के पुजारी बाबा की पालकी के साथ चल रहे हैं।
सवारी महाकाल मंदिर से शुरू हुई, जो महाकाल घाटी, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी से होकर मोक्षदायिनी शिप्रा के रामघाट पहुंचेगी। यहां भगवान का शिप्रा के जल से अभिषेक कर पूजा-अर्चना की जाएगी। पूजन के बाद सवारी रामानुजकोट, गणगौर दरवाजा, कार्तिक चौक, जगदीश मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, छत्रीचौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार होते हुए दोबारा मंदिर पहुंचेगी।