मुरैना। शहर के बैरियर चौराहा से लेकर पीएसयू कॉलेज तक जोरा मार्ग की हालत काफी दयनीय है और बारिश में तो यहां का हाल इतना बुरा है कि आम आदमी का पैदल चलना तो दूर वाहनों का निकलना भी दुश्वार हो गया है ! पूर्व में पानी के निकास को लेकर कई बार आमजन द्वारा पानी में बैठकर धरना प्रदर्शन किया गया, परंतु निगम प्रशासन द्वारा अभी तक इस समस्या का निराकरण नहीं किया गया है आज बारिश का पानी सड़क पर भरा रहने के चलते सरसों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई, जिससे किसान को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार आज जौरा का एक किसान देवव्रत अपने ट्रैक्टर ट्रॉली से सरसों भरकर मुरैना कृषि उपज मंडी में बेचने के लिए ला रहा था, तभी सोलंकी पेट्रोल पंप के पास जलभराव के चलते सड़क पर हो रहे गहरे गड्ढे में ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई और सरसों के कट्टे पानी में गिर गए, जिससे वहां सड़क जाम हो गई और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद दूसरे ट्रैक्टर ट्रॉली में माल को भरवाया गया। लेकिन इस दौरान लगभग 4 कुंटल सरसों उसकी खराब हो गई। इस तरह के हादसे बारिश के दौरान जोरा रोड पर आए दिन देखने को मिल रहे हैं और तमाम लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। जिला प्रशासन एवं नगर निगम प्रशासन द्वारा जोरा रोड पर बारिश से सड़क पर हुए गहरे गड्ढों की मरम्मत नहीं कराई गई है तथा ना ही पानी के निकास के लिए कोई योजना बनाई गई है। इस मार्ग पर रहने वाले हजारों लोग, दुकानदार सभी परेशान हैं।