कटनी। हितग्राहियों को खाद्यान्न लेने के लिए गांव से दूर नहीं जाना पड़े इसके लिए जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय उचित मूल्य की नवीन दुकानें स्थापित कराई गई। महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिले में करीब दो दर्जन से अधिक शासकीय उचित मूल्य दुकानों के संचालन का जिम्मा महिला स्व सहायता समूहों को सौंपा गया है।
वर्तमान में जिले में 29 शासकीय उचित मूल्य की दुकान का संचालन महिला स्व सहायता समूह के माध्यम से किया जा रहा है। गरीब परिवारों को शासन से मिलने वाले खाद्यान्न पाने के लिए आसपास के गांव नहीं भटकना पड़े और आसानी से उन्हें समय पर राशन उपलब्ध हो जाए इसके मद्देनजर 24 नई शासकीय उचित मूल्य की दुकानें शासन स्तर पर कार्रवाई कराकर शुरू कराई गई हैं।
जिनमें बड़वारा विकासखंड के ग्राम गुडाकला, बरही विकासखंड के ग्राम बिचपुरा, कुआं, करेला, जगुआ, बगदरा, सिरोंजा गडरिया, लुरमी, रीठी विकासखंड के ग्राम नयाखेड़ा, कैना, बरयारपुर, बांधा, घिनौंची, सिमरा नंबर 1, बडगांव, सिमझरी, विजयराघवगढ़ के ग्राम चोरी, खिरवा नंबर 2, कटनी ग्रामीण के मतवार पड़रिया, सरस्वाही, पटवारा, कूड़ो, टेढ़ी, गैतरा और जुहली में नई दुकानें स्थापित कराई गई हैं। सभी दुकानों का संचालन महिला स्व सहायता समूह की ओर से किया जा रहा है।