उमरिया। जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरिया-बकेली के प्रभारी प्राचार्य गुलाब रोहणी अपनी 62 वर्ष की आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए। रोहणी के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय में विदाई समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां छात्र छात्राओं एवं जनप्रतिनिधियों सहित ग्रामीणों ने गांव में प्रभारी प्राचार्य के विदाई कार्यक्रम में बैंड बाजा के साथ कलश यात्रा निकाली और प्रभारी प्राचार्य का भव्य स्वागत किया और विद्यालय मे शिक्षक छात्र छात्रा एवं जनप्रतिनिधियों सहित ग्रामीणों ने प्रभारी प्राचार्य को शाल श्रीफल और उपहार भेंट किया। वहीं इस अवसर पर ग्राम वासियों ने कहा कि यह हमारे गांव के शिक्षक ही नहीं हम सब के परिवार के सदस्य जैसे रहे जो गांव के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव तत्पर रहे और उनका उज्ज्वल भविष्य बनाने में महती भूमिका अदा की। वहीं प्रभारी प्राचार्य गुलाब रोहणी ने अपने सेवाकाल पूर्ण होने पर कहा कि मेरी पदस्थापना ग्राम उमरिया में हुई थी और यहां सेवाकाल के 20 वर्ष में मेरे कार्यकाल में कभी कोई परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा, विद्यालय के छात्र छात्राओ का उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए सदैव प्रयास किया गया और गांव के लोगो ने भी मेरा अच्छा सहयोग किया। ग्रामवासी और बच्चे सभी मेरे परिवार के सदस्य जैसे थे आज मुझे उन्हें छोड़ने पर भी दुख हो रहा है। वहीं इस विदाई समारोह कार्यक्रम में जिला पंचायत उमरिया की सदस्य सावित्री मौजीलाल, गांव के गणमान्य नागरिक विद्यालय के शिक्षक सहित ग्राम बेल्दी, बगैहा, पतौर, सुखदास, कसेरू सहित कई अन्य जगहों के शिक्षक व जनप्रतिनिधि व ग्रामीण जन मौजूद रहे।